Sunday, November 14, 2021

बीचबचाव करते समय महिला को फरसे से काट डाला



भीटी (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र के मल्लेपुर गांव में रविवार को सुबह पिता-पुत्र मेें हो रहे विवाद के बीच उन्हें अलग कर रही महिला पर युवक ने फरसे से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस बीच महिला को बचाने पहुंचे पिता पर भी युवक ने फरसे से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना के बाद भाग रहे आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

भीटी थाना क्षेत्र के मल्लेपुर गांव में सुबह लगभग साढ़े 10 बजे गांव निवासी रोहित अपने पिता नान्हू मौर्य से झगड़ रहा था। इसी बीच गांव की ही प्रभावती (55) वहां घास काटने के लिए खुरपी लेने पहुंच गई। पिता व पुत्र को झगड़ता देख वह दोनों को अलग करने लगी। इससे रोहित का पारा चढ़ गया। उसने फरसे से महिला पर हमला करना शुरू कर दिया। पहले हाथ पर व फिर उसकी गर्दन पर ताबड़तोड़ हमले किए। इससे महिला की मौत हो गई। इस बीच महिला को बचाने के लिए पिता नान्हू वहां पहुंच गए। रोहित ने उन पर भी फरसे से हमला कर दिया। इससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।इसके बाद रोहित वहां से भाग खड़ा हुआ। घटना से लोगों में अफरातफरी मच गई। जानकारी होते ही एसओ भीटी संजय कुमार पांडेय टीम के साथ गांव पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने हत्या के बाद भाग रहे आरोपी को हिरासत में ले लिया। बताया जाता है कि उसकी निशानदेही पर आलाकत्ल भी बरामद कर लिया है। एसओ ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

एम.एस.डी. कॉन्वेंट स्कूल मे सरस्वती पूजन पर हुआ भव्य कार्यक्रम का आयोजन

  जनपद कुशीनगर के जटहां बाजार थाना क्षेत्र मे संचालित एम एस डी पब्लिक विद्यालय में विद्या की ज्ञान कहे जाने वाली मां शारदे का भव्य तरीके से...